अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 7.200 लीटर) जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी रतनपुर क्षेत्र से शराब लेकर कोटा थाना क्षेत्र के लारीपारा गांव की ओर बिक्री के लिए जा रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को 24 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में देशी शराब लेकर कलमीटार भट्ठी से कोटा की ओर जा रहा है।
सूचना मिलते ही वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके दिशा-निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने ग्राम कलमीटार रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 40 पाव देशी प्लेन शराब (7.200 लीटर) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवीन साहू (19 वर्ष), पिता ज्ञानप्रकाश साहू, निवासी लारीपारा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रतनपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक कौशलराम खूंटे, आरक्षक धनराज कुम्भकार एवं आरक्षक आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



