अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर/बिलासपुर। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आम रास्ते पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है। उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को लगभग दोपहर 11:30 बजे थाना रतनपुर को सूचना मिली कि रतनपुर स्थित रेस्ट हाउस के पास एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर आम रास्ते पर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया और उनके निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।
पुलिस टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और रेस्ट हाउस के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलजीत यादव (35 वर्ष), पिता उदगार यादव, निवासी टेकरा बाजार, थाना टेकरा, जिला बेगूसराय (बिहार), वर्तमान पता – सिद्धी विनायक राइस मिल, रतनपुर, जिला बिलासपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद धारदार चाकू को जब्त कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस कार्रवाई में वर्तमान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत तथा आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे की सराहनीय भूमिका रही।



