बुलंद टाइम्स न्यूज़, कवर्धा। कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना में नियमों को ताक पर रखकर दोहरा लाभ लेने का मामला सामने आया है। दस्तावेज इशारा करते हैं कि एक ही परिवार ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अलग-अलग पहचान से आवास हासिल कर लिया।

क्या है मामला:
1. शहरी आवास: कवर्धा नगर पालिका के वार्ड-10 में श्रीमती कुमारी बाई साहू पति रामकरण के नाम पर वर्ष 2023-24 में आवास स्वीकृत हुआ।
2. ग्रामीण आवास: बोड़ला ब्लॉक की ग्राम पंचायत सरेखा के आश्रित ग्राम मन्ना बेदी में कुमारी बाई साहू पति रामकुमार के नाम 2024-25 में PMAY-G का लाभ स्वीकृत है।
पति के नाम में अंतर के बावजूद दोनों हितग्राही एक ही होने का संदेह है। PMAY-G सूची की टिप्पणी— _“मठवार्ड क्र. 10 में कुमारी पति रामकरण साहू के नाम से 2023-24 में आवास स्वीकृत”_—इस संदेह को पुख्ता करती है।
नियम विरुद्ध: PMAY के दिशा-निर्देश साफ हैं: एक परिवार, एक आवास। शहरी व ग्रामीण दोनों जगह लाभ लेना सीधा उल्लंघन है। कबीरधाम में फर्जी जियोटैग कर बिना निर्माण राशि निकालने के मामले पहले भी उजागर हो चुके हैं।
मांग: नागरिकों ने कलेक्टर से उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारी-कर्मचारियों पर FIR तथा राशि वसूली की मांग की है।



