बुलंद टाइम्स न्यूज़/अमित दुबे
रतनपुर। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक देशभर में मनाए जा रहे “सहकारिता सप्ताह” के शुभारंभ अवसर पर पचरा सहकारी समिति परिसर में ध्वजारोहण एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सहकारी समिति के पदाधिकारियों, किसानों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वज एवं सहकारिता ध्वज के ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों ने सहकारिता की भावना, किसानों की आर्थिक उन्नति तथा ग्रामीण विकास में सहकारी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सहकारिता आंदोलन गांव, किसान और आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहकारी समितियां महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को नई पहचान और नई ऊर्जा मिली है। सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों को आधुनिक, पारदर्शी और आत्मनिर्भर बनाकर ग्रामीण विकास को नई गति देने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में सहकारिता से जुड़ने और योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।

वहीं भाजपा रतनपुर मंडल अध्यक्ष दुर्गा बबलू कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि सहयोग, विश्वास और आत्मनिर्भरता का सशक्त संकल्प है। सहकारिता की भावना समाज को जोड़ती है और सामूहिक प्रयासों से विकास के नए आयाम स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक किसान और ग्रामीण सहकारी संस्थाओं से जुड़कर कार्य करेगा तो गांवों की आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में सहकारी समिति के अध्यक्ष, मंडल महामंत्री ज्वाला प्रसाद कौशिक, तीरथ राम यादव, अनु महाराज सहित ग्राम के किसान, सहकारी समिति के पदाधिकारी, शाखा प्रबंधन के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने, किसानों के हितों की रक्षा करने तथा ग्रामीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, किसान संवाद, सहकारी योजनाओं की जानकारी एवं जनहित से जुड़े अनेक आयोजन किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग सहकारिता से जुड़कर इसका लाभ प्राप्त कर सकें।



