Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर रतनपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य, साथ ही बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
मशाल यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रप्रेरणा के प्रतीक स्वामी विवेकानंद के जयघोष तथा “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “स्वामी विवेकानंद अमर रहें” और “अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिंदाबाद” जैसे नारों के साथ किया गया। हाथों में मशाल लिए कार्यकर्ताओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण रैली निकालकर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
इस अवसर पर अरविंद चंदेल ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त आंदोलन है। पिछले 78 वर्षों से परिषद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शिक्षा की गुणवत्ता, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर समाज में सकारात्म परिवर्तन लाने के लिए समर्पित है।

एबीवीपी की महामंत्री रिशा कश्यप ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि संगठन के आदर्शों और दायित्वों को आत्मसात करने का भी दिन है। आज का युवा देश का भविष्य है और उसे शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। परिषद युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की गौरवशाली यात्रा और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
मशाल यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिससे पूरे नगर में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला।



