Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रतनपुर पुलिस द्वारा थाना परिसर में ‘यातायात पाठशाला’ का आयोजन किया गया। इस जागरूकता अभियान में ऑटो एवं बस चालकों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देकर सभी से उनका पालन करने की अपील की गई।
थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक नियमों का पालन करे तो अनेक दुर्घटनाओं और अनमोल जीवन की क्षति को रोका जा सकता है।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटना की स्थिति में जान का बड़ा खतरा भी होता है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन नहीं चलाने, रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग और अन्य सड़क संकेतों का पालन करने के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
विशेष रूप से अभिभावकों से अपील करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन चलाने के लिए बिल्कुल न दें।
नाबालिग द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन मालिक एवं अभिभावकों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षित तरीके से पार करने, यातायात संकेतों को पहचानने तथा सड़क पर अनुशासित व्यवहार अपनाने के बारे में भी जानकारी दी गई। ऑटो एवं बस चालकों से यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और नियमों का पालन करने का आग्रह किया गया।
थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने बताया कि रतनपुर पुलिस द्वारा यह ‘यातायात पाठशाला’ अभियान आगे भी नियमित रूप से स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और विभिन्न संस्थानों में आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आमजन से भावुक अपील करते हुए कहा, “सड़क पर थोड़ी-सी सावधानी आपके और आपके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
नियम तोड़ने से पहले एक बार अपने परिवार के बारे में अवश्य सोचें। सुरक्षित रहें, यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।”



