Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अकलतरी में शनिवार देर रात नशे की हालत में हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने 30 वर्षीय इंद्रजीत उर्फ गोलू भार्गव पिता शारदा प्रसाद के घर की छत पर पहुंचकर दीवार की ईंट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 1 बजे थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में हुई गाली-गलौज और विवाद के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति फिलहाल पुलिस के नियंत्रण में बताई जा रही है।



