Oplus_131072
जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर।
कोरिया के ग्रामीण अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच।
बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सरगुजा संभाग के युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, खेल भावना विकसित करने तथा स्थानीय स्तर पर उभरती खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। कोरिया जिले में प्रतियोगिता के लिए पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक खिलाड़ी 10 सितंबर 2026 तक पंजीयन करा सकते हैं।
विगत वर्ष जिले में 22,516 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया था। इस वर्ष अब तक 12,183 खिलाड़ी अपना पंजीयन करा चुके हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के ग्रामीण, वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
12 खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता…
सरगुजा ओलंपिक में कुल 12 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं रस्साकशी शामिल हैं।
एथलेटिक्स के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो एवं 4×100 मीटर रिले की स्पर्धाएं होंगी। वहीं तीरंदाजी के इंडियन राउंड में 30 मीटर एवं 50 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
कुश्ती एवं हॉकी में जिला स्तर पर दल की भागीदारी निर्धारित है, जबकि रस्साकशी प्रतियोगिता केवल महिला सीनियर वर्ग के लिए आयोजित की जाएगी।
जूनियर एवं सीनियर वर्ग में होंगे मुकाबले…
सरगुजा ओलंपिक में खिलाड़ियों के लिए दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। जूनियर वर्ग में 14 से 17 वर्ष तक के खिलाड़ी तथा सीनियर वर्ग में बिना आयु सीमा के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे। दोनों वर्गों में बालक-बालिका तथा महिला-पुरुष खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कुश्ती एवं कराते की प्रतियोगिताएं निर्धारित वजन वर्गों के अनुसार आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं में सहभागिता का अवसर प्रदान किया जाएगा।
सरगुजा ओलंपिक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं स्थानीय क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले और संभाग का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।
2026-27 में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 10 सितंबर 2026 तक विभाग के आधिकारिक पोर्टल https://sportsyw.cg.gov.in/sargujaOlympic के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन एवं आयोजन से संबंधित मार्गदर्शिका तथा विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री जितेंद्र गुप्ता ने जिले के युवाओं एवं खिलाड़ियों से सरगुजा ओलंपिक में अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने और उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।




