Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। नगर पालिका परिषद रतनपुर क्षेत्र में सामाजिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पटेल धर्मशाला का विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लव कुश कश्यप मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पटेल समाज के वरिष्ठजन, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य शामिल हुए। इसके अलावा नगर पालिका परिषद के इंजीनियर तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। भूमि पूजन के दौरान पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य के सफल एवं समयबद्ध पूर्ण होने की कामना की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने कहा कि पटेल धर्मशाला का निर्माण समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात होगी। यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद सभी समाजों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और नगर के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं वार्ड पार्षद हर्ष पटेल ने कहा कि पटेल समाज लंबे समय से एक सुव्यवस्थित धर्मशाला की मांग कर रहा था। अब इस भवन के निर्माण से समाज के लोगों को विवाह, बैठक, सामाजिक कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष एवं परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन समाज के लिए एक स्थायी धरोहर साबित होगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाज के लोगों ने धर्मशाला निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होने की अपेक्षा व्यक्त की। निर्माण पूरा होने के बाद यह भवन क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।




