Oplus_131072
कार्य की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी, तत्काल सुधार कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
रतनपुर। नगर पालिका परिषद रतनपुर ने नगर क्षेत्र में चल रहे स्ट्रीट लाइट विद्युतीकरण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर आपत्ति जताते हुए संबंधित ठेकेदार को तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि विभिन्न वार्डों में किए गए कार्य अनुबंध की शर्तों के अनुरूप नहीं पाए गए हैं।
पत्र के अनुसार, एस.एन.बी. इलेक्ट्रिकल्स, जांजगीर-चांपा को लगभग 3 करोड़ 54 लाख 7 हजार रुपये की लागत से नगर के विभिन्न मार्गों पर स्ट्रीट लाइट विद्युतीकरण कार्य का दायित्व सौंपा गया था। इसमें खण्डोबा मंदिर से महामाया चौक, दुर्गा महादेव मंदिर से रामटेकरी, मेन रोड से मुर्शाह दरगाह, मेन रोड से महामाया मंदिर, व्यापार रोड से मेन रोड होते हुए महामाया मंदिर तथा मेन रोड से गिरजाबंध तक के मार्ग शामिल हैं।
नगर पालिका द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर विद्युत पोलों की लाइट एवं केबल क्षतिग्रस्त पाए गए, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। इसे अनुबंध की शर्तों के विपरीत बताते हुए ठेकेदार को तत्काल आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि नोटिस प्राप्त होने के तुरंत बाद सभी कमियों को दूर कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। यदि निर्धारित मानकों के अनुरूप सुधार नहीं किया गया तो टेंडर की शर्तों एवं नियमों के तहत संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।
नगर पालिका के इस कदम को शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




