Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
कोटा। बेलगहना चौकी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसापानी निवासी प्यारेलाल कुजूर ने 15 जुलाई 2026 को चौकी बेलगहना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई 2026 को ग्राम सक्तिबहरा में खड़ी उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG10 X 2791 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर चौकी बेलगहना, थाना कोटा में धारा 303(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी ग्राम सक्तिबहरा स्थित अपने घर में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिनके निर्देशन में पुलिस टीम का गठन कर तत्काल घेराबंदी की गई।
पुलिस ने दबिश देकर सूरज साकत (30 वर्ष), पिता प्रेमलाल साकत एवं रामगोपाल मरकाम (29 वर्ष), पिता रुगन मरकाम, दोनों निवासी ग्राम सक्तिबहरा, चौकी बेलगहना, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी सूरज साकत के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल CG10 X 2791 बरामद कर जब्त कर ली गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को 31 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक बी.एन. बनाफर, सहायक उप निरीक्षक भरतलाल राठौर, आरक्षक ईश्वर नेताम, धीरज जायसवाल सहित बेलगहना चौकी के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




