Oplus_131072
eSakshya, eFSL, eProsecution, eSummons सहित आधुनिक डिजिटल प्रणालियों के माध्यम से पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध विवेचना को मिली नई गति, 1386 अधिकारी-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। एक जुलाई 2024 से देशभर में लागू नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में बिलासपुर पुलिस लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में डिजिटल पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए विवेचना प्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं समयबद्ध बनाया गया है।
आधुनिक तकनीक के उपयोग से न केवल अपराधों की जांच को गति मिली है, बल्कि नागरिकों को भी न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ी सुविधाएं पहले की अपेक्षा अधिक सरल एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो रही हैं।
बिलासपुर पुलिस ने जिले के सभी थाना एवं चौकी स्तर पर नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप डिजिटल कार्यप्रणाली को सफलतापूर्वक लागू किया है।
विवेचकों को नई तकनीकी प्रणालियों से जोड़ते हुए सभी को पूर्णतः ऑनबोर्ड किया गया। पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक नियमित प्रशिक्षण आयोजित किया गया, वहीं मास्टर ट्रेनरों ने प्रत्येक थाना एवं चौकी में व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई व्यवस्था के अनुरूप दक्ष बनाया।
1386 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला eSakshya का प्रशिक्षण
नवीन कानूनों के प्रभावी संचालन के लिए जिले के 1386 अधिकारी एवं कर्मचारियों को eSakshya प्रणाली का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके साथ ही eSummons, eMalkhana, MedLeaPR, eFSL तथा eProsecution जैसी आधुनिक डिजिटल प्रणालियों का संचालन भी सफलतापूर्वक किया जा रहा है, जिससे विवेचना प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और उत्तरदायी बनी है।
डिजिटल पुलिसिंग में बिलासपुर की उल्लेखनीय उपलब्धियां
बिलासपुर पुलिस ने डिजिटल रिकॉर्ड संधारण एवं विवेचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं—
CCTNS के माध्यम से 1,31,957 मालखाना प्रविष्टियां ऑनलाइन दर्ज की गई हैं।
डीजी/आईजी डैशबोर्ड पर 26,607 प्रविष्टियों के माध्यम से थानों की गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है।
MedLeaPR पोर्टल के जरिए 2,543 एमएलसी (MLC) एवं 179 पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PMR) ऑनलाइन प्राप्त की गई हैं।
न्यायालय निर्णय पत्रक (IIF-6) की 16,110 ऑनलाइन प्रविष्टियां दर्ज कर बिलासपुर ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।
eSakshya के माध्यम से 13,737 SID तैयार किए गए तथा 9,656 एफआईआर को डिजिटल साक्ष्यों से जोड़ा गया, जिसमें भी जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है।
eFSL पोर्टल के जरिए 349 प्रकरण ऑनलाइन फॉरेंसिक परीक्षण हेतु भेजे गए, जिसमें भी बिलासपुर को प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है।
eProsecution प्रणाली के अंतर्गत 1,081 प्रकरणों की ऑनलाइन प्रविष्टि कर जिला राज्य में द्वितीय स्थान पर रहा।
ई-साइन सुविधा के तहत 311 ई-एफआईआर एवं 348 ई-चार्जशीट सहित कुल 662 प्रकरण ऑनलाइन अपलोड कर बिलासपुर ने प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त किया है।
सभी थानों को ई-पेन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे डिजिटल दस्तावेजों का प्रमाणीकरण और अधिक सरल हुआ है।
eSummons प्रणाली से 537 समंस, 468 वारंट तथा 421 नोटिस ऑनलाइन जारी किए गए।
VCNB प्रणाली के माध्यम से 842 वाहनों की जांच तथा 7,002 अपराधियों का सत्यापन किया गया, जिसमें जिला प्रदेश में सातवें स्थान पर रहा।
जन-जागरूकता पर भी विशेष फोकस…
बिलासपुर पुलिस केवल तकनीकी सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चला रही है।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों, उनके कानूनी अधिकारों, पुलिस की जवाबदेही, डिजिटल प्रक्रियाओं एवं न्याय प्राप्त करने की नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है।
इन अभियानों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नवीन कानून केवल पुलिस तंत्र तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं से परिचित हो सके। “कानून की जानकारी—नागरिक का अधिकार” की भावना को सशक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार लोगों से संवाद स्थापित कर रही है।
पारदर्शी और आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में मजबूत कदम…
बिलासपुर पुलिस आधुनिक तकनीक एवं नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी समन्वय से विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने, अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी, जवाबदेह एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में जिले की उपलब्धियां यह दर्शाती हैं कि बिलासपुर पुलिस नवीन कानूनी व्यवस्था को सफलतापूर्वक धरातल पर लागू करने वाले प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है।




