Oplus_131072
नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल एवं कलेक्टर नम्रता जैन ने 13 आत्मसमर्पित नक्सलियों को 24.30 लाख रुपये की राशि वितरण।
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। जिले में नक्सल उन्मूलन एवं समाज की मुख्यधारा में लौटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले 50 आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए शस्त्र के एवज में कुल 70 लाख 68 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है।
इसी क्रम में आज 07 अगस्त 2026 को नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल एवं कलेक्टर नम्रता जैन द्वारा 13 आत्मसमर्पित नक्सलियों को कुल 24 लाख 30 हजार 600 रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। यह राशि आत्मसमर्पित नक्सलियों द्वारा जमा किए गए शस्त्रों के एवज में स्वीकृत प्रोत्साहन राशि के अंतर्गत प्रदान की गई है।
शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले लोगों को विभिन्न प्रकार की सहायता और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य आत्मसमर्पित नक्सलियों को सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से स्थायी रूप से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
कलेक्टर नम्रता जैन ने आत्मसमर्पित लोगों से शासन की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार के साथ बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास और शांति की राह अपनाना समाज और क्षेत्र के हित में महत्वपूर्ण कदम है।
शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले शेष पात्र हितग्राहियों को भी नियमानुसार स्वीकृत प्रोत्साहन राशि का वितरण किया जाएगा। जिले में आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया के माध्यम से प्रभावित लोगों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।




