Oplus_131072
तमनार पुलिस ने 60 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य गांजा सप्लायर को ओडिशा से दबोचा।
मोबाइल नंबर से मिली कड़ी— पुलिस ने गांजा तस्करी के पूरे सप्लाई चैन का पता लगाकर मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई।
आरोपी हर बार बदलता था मोबाइल नंबर और नाम, गांजा लेने वालों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर करता था डील।
गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर फरार था आरोपी, पुलिस ने कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र सक्रिय कर बौद्ध जिले से पकड़ा।
NDPS मामलों में एंड-टू-एंड कार्रवाई के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता— एसएसपी शशि मोहन सिंह
बुलंद टाइम्स न्यूज/गणेश भोय
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को 60 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य गांजा सप्लायर को ओडिशा के जिला बौद्ध से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। विदित हो कि 20 अप्रैल 2026 में तमनार पुलिस द्वारा गांजा तस्करी के विरुद्ध की गई कार्रवाई में आरोपी सोहन लाल सिदार एवं विनोद प्रधान को सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर कार क्रमांक OR-15-T 7372 में गांजा परिवहन करते पकड़ा गया था, आरोपियों ने 60 किलो गांजा, स्वीफ्ट कार, 2 मोबाइल करीब 20 लाल की संपत्ति जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा मोबाइल नंबर 8658206423 के माध्यम से ओडिशा से गांजा प्राप्त करना बताया गया था।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा जिले में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में केवल गांजा बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर अवैध गांजा तस्करी के पूरे सप्लाई चैन का पता लगाकर एंड-टू-एंड कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम ने उक्त मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच एवं पतासाजी करते हुए मुख्य गांजा सप्लायर की पहचान शंकर मेहर, निवासी जिला बौद्ध, ओडिशा के रूप में की। आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी के डर से अपने निवास से फरार हो गया था। तमनार पुलिस द्वारा आरोपी की पतासाजी के लिए क्षेत्र में पुलिस कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा लगातार जानकारी जुटाई जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी शंकर मेहर अपने निवास गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध (ओडिशा) में मौजूद है। सूचना पर तमनार पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस की मदद से उसके निवास पर दबिश दी गई, जहां आरोपी पुलिस टीम को मिला। आरोपी को तलब कर अपराध के संबंध में पूछताछ करने पर उसने गांजा तस्करी के अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी तस्करी के दौरान हर बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग करता था तथा गांजा लेने वाले व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों पर डील के लिए बुलाता था और स्वयं की पहचान भी अलग-अलग नाम से बताता था। आरोपी शंकर मेहर ने आरोपी सोहन लाल सिदार एवं विनोद प्रधान को भी उसने अपना नाम कमल मेहर बताया था।
पुलिस द्वारा आरोपी के परिजनों को उसकी गिरफ्तारी की सूचना देकर थाना तमनार के अपराध क्रमांक 78/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में *आरोपी शंकर मेहर पिता नित्यानंद मेहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध (ओडिशा)* को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई से अप्रैल माह में हुई 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाते हुए पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी को गिरफ्तार किया है।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय एवं आरक्षक अतुल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश :
“रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार के विरुद्ध केवल छोटे तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सप्लाई चैन का पता लगाकर मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। आमजन से अपील है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी।”




