Oplus_131072
कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी का सामान खरीदने वाली कबाड़ी महिला भी गिरफ्तार — वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
कोटा/बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के बाकीघाट स्थित गोयल क्रेशर उद्योग में हुई चोरी का कोटा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों तथा चोरी का सामान खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई संपत्ति का शत-प्रतिशत माल बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा श्री शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
रात में क्रेशर मिल में घुसकर चोरी
जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी राजकुमार पिता मुरारी लाल गोयल ने 11 अगस्त 2026 को थाना कोटा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त की रात बाकीघाट कोटा स्थित गोयल क्रेशर उद्योग से अज्ञात चोरों ने क्रेशर मशीनरी से संबंधित कई महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिए हैं।
चोरी गए सामान में 01 जैपलेट, 01 रोलर, 01 क्रेशर शाफ्ट, 01 जाली शाफ्ट, 01 जाली, 01 टाइगर प्लेट, 02 जाली कवरिंग, 01 साइट प्लेट सहित अन्य छोटे सामान शामिल थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत पर थाना कोटा में अपराध क्रमांक 649/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए), 317, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर रंजीत शिकारी पिता भरत शिकारी, उम्र 25 वर्ष तथा अमृत शिकारी पिता रामायण शिकारी, उम्र 40 वर्ष, दोनों निवासी बाकीघाट, सोनवानी तालाब के पास, कोटा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर क्रेशर मिल में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चोरी किए गए सामान को मालती मानिकपुरी पति कलेश राम मानिकपुरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी मौहारखार कोटा को बेचना भी स्वीकार किया।
चोरी का पूरा माल बरामद…
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई संपत्ति का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। पुलिस अब मामले में आरोपियों के अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कोटा पुलिस की इस त्वरित…
कार्रवाई से चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका…
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोटा श्री शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 1356 संजय श्याम तथा आरक्षक 1040 विनोद यादव का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान रहा।




