बुलन्द टाइम्स न्यूज/अमरजीत सिंह
कोरिया/बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद विधायक श्री राजवाड़े ने कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव एवं पुलिस अधीक्षक श्री हरीश राठौर के साथ परेड का निरीक्षण किया। रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस बल, महिला पुलिस बल, नगर सेना पुरुष एवं महिला तथा एनसीसी सीनियर कैडेट्स की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। समारोह में शांति और सौहार्द के प्रतीक रंगीन गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान…
समारोह में विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने शहीदों के परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने उनका हालचाल जाना और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

जिले में अपने दायित्वों का उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें कलेक्टर कार्यालय, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण, पुलिस, नगर सेना एवं अग्निशमन, वन, खेल एवं युवा कल्याण, आयुष तथा आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
सम्मानित होने वालों में कलेक्टर कार्यालय के ई-जिला प्रबंधक श्री राकेश कुमार एवं सहायक ग्रेड-03 श्रीमती किरण टोप्पो शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनित कुमार बखला, 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा के ईएमटी श्री परमेश्वर, वाहन चालक श्री दिनेश तथा जिला चिकित्सालय के ड्रेसर ग्रेड-02 श्री सचिन कुमार शर्मा को सम्मानित किया गया।
शिक्षा विभाग से प्राचार्य श्री कमल डडसेना, व्याख्याता श्री राजीव जायसवाल, शैक्षिक समन्वयक श्री जय प्रताप सिंकुल, सहायक शिक्षक श्रीमती शांति देवी बैगा, कुमारी रितु बैगा एवं श्री रिप चन्द्र साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। लोक निर्माण विभाग की उप अभियंता श्रीमती सुरेखा मिंज को भी सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने बैंड की धुन पर देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया और पूरा मिनी स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत, जनपद पंचायत व नगरीय निकाय बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा तथा नगर पंचायत पटना के जनप्रतिनिधि, शहर विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, स्कूली विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




