Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/गणेश यादव
तमता। पत्थलगांव विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत तमता स्थित जगन्नाथ मंदिर में 4 सितंबर, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक, भजन-कीर्तन सहित बच्चों और युवाओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मंदिर समिति के सदस्य जेडी वैष्णव ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व को लेकर तमता सहित आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर सुबह से श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करेंगे। दिनभर स्थानीय भजन मंडलियों द्वारा श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े संगीतमय भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी।
बाल गोपालों की झांकी बनेगी आकर्षण का केंद्र…
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए विशेष बाल गोपाल प्रतियोगिता एवं आकर्षक झांकी का आयोजन किया जाएगा। छोटे बच्चे श्रीकृष्ण और राधा के विभिन्न स्वरूपों में सजकर कार्यक्रम में शामिल होंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
युवाओं के लिए होगी दही-हांडी प्रतियोगिता…
जन्माष्टमी पर्व पर युवाओं के लिए मटकी फोड़ यानी दही-हांडी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मंदिर समिति ने तमता क्षेत्र सहित आसपास के सभी श्रद्धालुओं, माताओं और बहनों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।




