Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/योगेश्वर साहू
घटारानी (छुरा)। छुरा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत मुरमुरा स्थित प्रसिद्ध झरझरा जलप्रपात इन दिनों श्रद्धा और पर्यटन का संगम बना हुआ है। सावन और नवरात्रि के चलते दुर्गम पहाड़ी पर स्थित झरझरा माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
राजधानी रायपुर से 70 किलोमीटर दूर स्थित इस धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। पहाड़ों के बीच बहता झरना और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है। चैत्र और कुंवार नवरात्रि में यहां ज्योति कलश प्रज्वलित होते हैं, लेकिन सावन में जलप्रपात के मनोरम दृश्य को देखने बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।
कच्ची सड़क से बढ़ी मुश्किलें
भीड़ बढ़ने से कच्ची सड़क की समस्या और उजागर हो गई है। मुरमुरा से मंदिर तक की सड़क कच्ची, पथरीली और कीचड़ से भरी होने से श्रद्धालुओं को पैदल चलने को मजबूर होना पड़ रहा है। बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह स्थल पर्यटन मानचित्र पर आ सकता है, लेकिन सड़क नहीं होने से विकास रुका हुआ है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से जल्द पक्की सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।




