Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अनीष मिश्रा
रायपुर। जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। रायपुर जिले के लगभग 5,000 अंतिम वर्ष के पात्र विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस संबंध में आज कलेक्टर कार्यालय में 140 घंटे के साइबर एवं AI वर्कफोर्स प्रोग्राम के क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रशिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों को साइबर सिक्योरिटी, नेटवर्किंग, डिजिटल फॉरेंसिक्स एवं इंसीडेंट रिस्पांस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और करियर रीडीनेस जैसे रोजगारोन्मुख विषयों में प्रशिक्षण एवं प्रमाणन प्रदान किया जाना प्रस्तावित है।
बैठक में प्रशिक्षण के लिए जिले के उपयुक्त तकनीकी एवं शैक्षणिक संस्थानों की पहचान, पात्र विद्यार्थियों के चयन एवं मोबिलाइजेशन तथा कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक सहयोग पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और AI जैसी उभरती तकनीकों में दक्ष बनाने के लिए ऐसे रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय एवं कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री शरत चंद शुक्ला सहित संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य रायपुर जिले में कुशल, रोजगारोन्मुख एवं भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं का मजबूत पूल तैयार करना है।




