Oplus_131072
17 सितंबर को विभिन्न स्थलों पर आयोजित होगा “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम।
कलेक्टर नम्रता जैन ने गोटियारी तालाब पहुंचकर तैयारियों का किया निरीक्षण।
बुलंद टाइम्स न्यूज/सुरेश सोनी
नारायणपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर 2026, दिन गुरुवार को नारायणपुर जिले में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में जनभागीदारी, सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों, प्रमुख स्थलों एवं संस्थानों में सामूहिक रूप से 1 लाख 28 हजार 633 से अधिक दीये प्रज्वलित किए जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्य आयोजन स्थल गोटियारी तालाब में दीये जलाए जाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन ने गोटियारी तालाब पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
“आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम का उद्देश्य जिलेवासियों को सेवा, सहभागिता और सामाजिक एकजुटता के भाव से जोड़ना है। सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही समाज में सकारात्मकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं तथा विभिन्न संस्थानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।




