Oplus_131072
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने किया श्रमदान
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
तखतपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत सागर में आज स्वच्छता एवं जल संवर्धन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सफाई कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
अभियान के दौरान गांव में साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण एवं जल के सदुपयोग को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में श्रमदान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि गांव की स्वच्छता और जल संरक्षण केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल एक दिन स्वच्छता अभियान चलाना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की स्थायी भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जल हमारे जीवन का आधार है, इसलिए आज आवश्यकता है कि हम पानी की एक-एक बूंद का संरक्षण करें और जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखें। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांव को स्वच्छ रखने तथा जल संरक्षण के कार्यों में निरंतर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण मिलकर किसी जनहित के कार्य में सहभागी बनते हैं, तो उसका प्रभाव व्यापक होता है। सामूहिक प्रयासों से गांवों में स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को भी मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सरपंच, जनपद सदस्य एवं सफाई कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं भाजपा के मंडल पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा तथा अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई और श्रमदान किया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को जल की बर्बादी रोकने, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने तथा वर्षा जल के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित लोगों ने गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ ही जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्राम सागर में स्वच्छता और जल संवर्धन को लेकर सामूहिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि जनसहयोग से गांव के विकास और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को नई गति दी जा सकती है।




