Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/अमित दुबे
बिलासपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में रतनपुर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण आहार 2026 कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र के छोटे बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, नृत्य सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई रस्म संपन्न कराई गई तथा छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
इस अवसर पर महिलाओं को पोषण के महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार, पौष्टिक खाद्य पदार्थ तथा नियमित देखभाल के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्र की गतिविधियों और शासन की पोषण संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अन्नपूर्णा पांडे, सहायिका विद्या कश्यप, सुपरवाइजर प्रकृति भट्ट, मितानिन विनाकछी कश्यप, लहुरा धीवर एवं सविता कहरा सहित महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद हकीम मोहम्मद, पार्षद कुश कहरा एवं भाजपा ग्रामीण जिला सदस्य सविता धीवर मुख्य रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों एवं महिलाओं से संवाद करते हुए पोषण को परिवार और समाज के स्वस्थ भविष्य की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर वार्ड पार्षद हकीम मोहम्मद द्वारा न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।




