Oplus_131072
बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक
बुलंद टाइम्स न्यूज/ए.आर. कर्मा
दुगेली। ग्राम पंचायत दुगेली में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं बेहतर देखभाल के उद्देश्य से आंगन मिलन, न्यौता भोज एवं पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए न्यौता भोज का आयोजन किया गया। बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के संतुलित आहार, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में जानकारी दी गई।
आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों और ग्रामीणों को बच्चों के विकास में परिवार एवं समुदाय की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भेजने तथा उन्हें पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान का उद्देश्य बच्चों में पोषण की स्थिति को बेहतर बनाना, कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा परिवारों को बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए आवश्यक पोषण एवं देखभाल के प्रति जागरूक करना है।
ग्राम पंचायत दुगेली में आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहभागिता से ग्रामीणों में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।




