Oplus_131072
बुलंद टाइम्स न्यूज/कन्हैया सिंह ठाकुर
चारामा। ब्लॉक चारामा के सेक्टर चावड़ी अंतर्गत ग्राम सिरसिदा में सेवा संकल्प के तहत आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के नवचेतना कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 3 वर्ष के बच्चों के सर्वांगीण विकास, माताओं की जागरूकता एवं पोषण संबंधी जानकारी पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर नवचेतना कार्यक्रम से जुड़े सात माता समूहों की माताओं को आंगनबाड़ी केंद्र में आमंत्रित किया गया। ग्राम सरपंच कैलाश कवाची एवं पंच कन्हैया सिंह ठाकुर के हाथों नई आशा, नन्हा, हरियाली, सखी-सहेली सहित अन्य माता समूहों को शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) वितरित की गई प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की टीम द्वारा माताओं को TLM के उपयोग एवं उसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही घर पर बच्चों के साथ खेल-खेल में विभिन्न गतिविधियां कराकर उनके शारीरिक, बौद्धिक, भाषा एवं सामाजिक-भावनात्मक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।
पोषण माह के अंतर्गत महिलाओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी…
पोषण माह के अंतर्गत महिलाओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी…
कार्यक्रम में पोषण माह भी मनाया ।इस दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को संतुलित आहार, तिरंगा भोजन तथा रेडी-टू-ईट फूड के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही टीकाकरण, आयरन की गोलियों के सेवन, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं साफ-सफाई के महत्व पर चर्चा की गई। महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नोनी सुरक्षा योजना एवं महतारी वंदन योजना की जानकारी भी दी गई।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का किया गया सम्मान…
कार्यक्रम के दौरान ग्राम सिरसिदा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिरोमणि साहू, दुलमा एवं लेखा सहारे सहित तीनों सहायिकाओं इसरो, पार्वती एवं मंजू को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। ग्राम सरपंच कैलाश कवाची द्वारा साड़ी एवं नारियल भेंट किए गए तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जनप्रतिनिधियों एवं माताओं की रही सहभागिता
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर हर्षलता जैकप, ग्राम सरपंच कैलाश कवाची,
पंच एवं पूर्व प्रधान अध्यापक कन्हैया सिंह ठाकुर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा सातों माता समूहों की माताएं उपस्थित रहीं। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से मोनिका सिन्हा एवं जिनिता यादव ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
आंगन मिलन समारोह के माध्यम से माताओं को बच्चों के प्रारंभिक विकास, उचित पोषण एवं घर पर खेल-आधारित गतिविधियों के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास में माताओं एवं परिवार की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया।




