सुरेश सोनी
नारायणपुर : नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार (भा.पु.से.) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल, नारायणपुर द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत विशेष अभियान “निक मोबाइल इयाना” संचालित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल, नारायणपुर द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के माध्यम से लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के कुल 30 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए।
आज दिनांक 03 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नारायणपुर में बरामद सभी 30 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर मोबाइल स्वामियों ने नारायणपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम, नोडल अधिकारी साइबर सेल के पर्यवेक्षण में साइबर सेल की टीम द्वारा की गई। टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों, आईएमईआई नंबर एवं सीईआईआर पोर्टल की सहायता से गुम मोबाइल फोन की लगातार पतासाजी की गई, जिसके परिणामस्वरूप मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री आशीष कुमार नेताम, नोडल अधिकारी साइबर सेल सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नारायणपुर पुलिस की जनहित अपील
1. यदि आपका मोबाइल गुम हो जाए तो तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें तथा निकटतम थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। अपने मोबाइल को मजबूत पासवर्ड एवं उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं से सुरक्षित रखें।
2. यदि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी या साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
नारायणपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर सूचना दें।




