सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और मानव जीवन के साथ बेजुबान पशुओं की सुरक्षा को लेकर नारायणपुर यातायात पुलिस एवं पशु चिकित्सा विभाग ने संयुक्त रूप से विशेष पहल शुरू की है। इसके तहत शहर के विभिन्न मार्गों पर घूमने और सड़क पर बैठे आवारा पशुओं के गले में रेडियम पट्टियां बांधी गईं।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान के दौरान रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी तथा पशु चिकित्सा विभाग से डॉ. रेशमा ध्रुव और वेटरनरी असिस्टेंट सर्जन एवं असिस्टेंट वेटरनरी फील्ड ऑफिसर दुष्यंत ठाकुर मौजूद रहे।
रात में हेडलाइट पड़ते ही चमकेगी रेडियम पट्टी
रात्रि के समय वाहन की हेडलाइट पड़ने पर पशुओं के गले में बांधी गई रेडियम पट्टियां चमकेंगी। इससे अंधेरे में सड़क पर मौजूद पशु वाहन चालकों को दूर से ही दिखाई दे सकेंगे। इससे वाहन चालकों को समय रहते सतर्क होकर वाहन की गति कम करने और सावधानी बरतने में मदद मिलेगी।
दुर्घटनाओं का खतरा होगा कम
रात के समय सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशु कई बार वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में अचानक सामने आने वाले पशुओं से टक्कर होने की आशंका बनी रहती है। रेडियम पट्टी के जरिए पशुओं की मौजूदगी पहले से नजर आने पर रात्रिकालीन सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
यातायात पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और विशेषकर रात में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। सड़क पर पशु दिखाई देने पर वाहन की गति धीमी कर सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ें।
अधिकारियों के अनुसार, सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सड़क पर मौजूद हर नागरिक और बेजुबान जीव की सुरक्षा भी शामिल है। रेडियम पट्टी लगाने की यह पहल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




