रिपोर्ट – योगेश्वर साहू:-
छुरा। विकासखंड छुरा के ग्राम पंचायत फुलझर में अवैध महुआ शराब का कारोबार बेखौफ चल रहा है। प्रशासन की चुप्पी के चलते गांव में खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
शाम ढलते ही फुलझर की गली-मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। नशे में धुत लोग सड़क पर ही हंगामा और गाली-गलौज करते हैं। इससे राहगीरों और महिलाओं का निकलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर कभी भी बड़ी अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर बुधवार को लगने वाले हाट-बाजार में भी शाम होते ही अवैध महुआ शराब बेची जाती है। शराब तस्कर फोन पर संपर्क कर ग्राहकों को बुलाते हैं और चोरी-छुपे शराब की सप्लाई करते हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ज्यादा नशा और मुनाफे के लालच में शराब बनाने के लिए जहरीले केमिकल का उपयोग किया जा रहा है, जो लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतना सब होने के बाद भी पुलिस और प्रशासन मौन है। अवैध शराब बेचने वालों पर पुलिस की मेहरबानी से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों और महिलाओं ने जिला प्रशासन से अवैध महुआ शराब बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




