अमित दुबे की रिपोर्ट
रतनपुर। धार्मिक एवं पौराणिक नगरी रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया देवी मंदिर में सोमवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेशाध्यक्ष एवं बालोद विधायक संगीता सिन्हा अपने काफिले के साथ पहुंचीं। मां महामाया के दर्शन-पूजन के लिए उनके पहुंचते ही मंदिर परिसर में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कांग्रेस नेताओं ने फूलों की टोकरी एवं गुलदस्ता भेंट कर प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया।
संगीता सिन्हा के साथ तखतपुर की पूर्व विधायक श्रीमती रश्मि सिंह एवं बाल आयोग की पूर्व सदस्य श्रीमती पूजा खनूजा भी रतनपुर पहुंचीं। मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और सम्मानपूर्वक उन्हें मां महामाया देवी के दरबार में दर्शन-पूजन के लिए ले जाया गया।
मां महामाया देवी के गर्भगृह में सिन्हा ने विधिवत दर्शन-पूजन कर मातारानी का आशीर्वाद लिया तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर के पुजारी बल्ला महाराज द्वारा उन्हें एवं साथ आए कांग्रेस नेताओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई और प्रसाद प्रदान किया गया।

मंदिर ट्रस्ट ने चुनरी एवं दिव्य तैलचित्र भेंट कर किया अभिनंदन
मां महामाया मंदिर ट्रस्ट द्वारा अतिथि देवो भवः की परंपरा का निर्वहन करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा का आत्मीय अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट की ओर से उन्हें मातारानी की चुनरी ओढ़ाकर तथा मां महामाया देवी का दिव्य तैलचित्र एवं प्रसाद भेंट किया गया।
दर्शन-पूजन के उपरांत मंदिर परिसर में क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव, पूर्व विधायक शैलेश पांडे एवं सतनाम सिंह खनूजा ने भी श्रीमती संगीता सिन्हा से मुलाकात कर गुलदस्ता भेंट करते हुए उनका स्वागत किया।
इस दौरान मंदिर परिसर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती सिन्हा ने उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं से औपचारिक चर्चा भी की। इसके बाद वे अपने निर्धारित अगले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रतनपुर से रवाना हो गईं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं महिला पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
स्वागत कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, जिला महामंत्री शीतल जायसवाल, शिवा पांडे, यासीन खान, पार्षद श्रीमती अर्चना सोनी, शोभा दुबे, सुनील अग्रवाल, रामफल श्रीवास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष के महामाया धाम आगमन को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान मां महामाया मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और आत्मीय स्वागत का माहौल बना रहा।




