बुलंद टाइम्स के लिए जिला ब्यूरो चीफ अनीश मिश्रा की रिपोर्ट
रायपुर | रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को आम नागरिकों तक सहजता से पहुंचाने के उद्देश्य से विधानसभा स्तरीय ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेते हुए कुल 4265 हितग्राही लाभान्वित हुए।
शिविर में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा एवं रायपुर पश्चिम विधायक तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली तथा अधिकारियों को प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिली आर्थिक सहायता
राजस्व विभाग द्वारा आपदा राहत के अंतर्गत 155 बाढ़ प्रभावित हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि के धनादेश प्रदान किए गए। जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के धनादेश सौंपे।
210 हितग्राहियों के आवास निर्माण की राह हुई आसान
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 210 पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। वहीं खाद्य विभाग द्वारा 157 नागरिकों को राशन कार्ड तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1032 नागरिकों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही 103 हितग्राहियों को आय प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

344 हितग्राहियों को मिले सोलर प्रमाण-पत्र
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत 344 हितग्राहियों को सोलर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा नोनी सशक्तीकरण योजना तथा नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से संबंधित प्रकरणों को शिविर स्थल पर ही स्वीकृत कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
एक ही स्थान पर मिली कई विभागों की सेवाएं
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्रता के अनुसार योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत, छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ‘सेवा सेतु’ शिविर शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को काफी सुविधा मिल रही है।
उन्होंने अधिकारियों को शेष प्रकरणों का परीक्षण कर पात्रता के अनुसार उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




