रायगढ़।जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रायगढ़ इस्पात प्लांट की ओर ले जाए जा रहे 10 चक्का ट्रक को रोककर उसमें लदा 23 टन 880 किलोग्राम अवैध स्क्रैप बरामद किया। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 10 चक्का ट्रक में बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को रोक लिया।
वाहन की जांच के दौरान उसमें भारी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ मिला। पुलिस ने चालक स्युवीर सिंह (51 वर्ष), निवासी ऐंठापाली, जिला संबलपुर, ओडिशा से स्क्रैप से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से कबाड़ लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने स्क्रैप का वजन कराया, जिसमें कुल 23.880 टन कबाड़ पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹9.57 लाख आंकी गई है। पुलिस ने अवैध स्क्रैप के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया। दोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹18 लाख बताई गई है।
मामले में आरोपी स्युवीर सिंह के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026, धारा 35(क)(5) BNSS/303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




