सुरेश सोनी की रिपोर्ट :-
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन में जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 12.10.2026 को यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम द्वारा अंतागढ़ रोड स्थित भरण्डा चौक एवं कोंडागांव रोड स्थित देवगांव चौक पर खोड़गांव, अंजरेल माइंस एवं छोटे डोंगर माइंस में संचालित मालवाहक ट्रक एवं हाईवा वाहनों की जांच की गई। इस दौरान वाहन चालकों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से शराब सेवन की जांच की गई।
जांच के दौरान कुल 08 वाहन चालकों को शराब का सेवन कर वाहन चलाते हुए पाया गया। यातायात पुलिस द्वारा संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। माननीय न्यायालय द्वारा सभी 08 वाहन चालकों पर कुल ₹90,000 का अर्थदण्ड अधिरोपित किया गया।
नारायणपुर पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब अथवा किसी भी मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नशे की हालत में वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, जिससे चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है।
नारायणपुर पुलिस की अपील: सभी वाहन चालक शराब अथवा किसी भी मादक पदार्थ का सेवन कर वाहन न चलाएं। यातायात नियमों का पालन करें तथा स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।




