अमित दुबे की रिपोर्ट:-
रतनपुर। रतनपुर प्रेस क्लब के आगामी कार्यकाल के लिए पत्रकार रवि ठाकुर को अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। निर्धारित चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने की समय-सीमा पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए रवि ठाकुर के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में उनका निर्विरोध निर्वाचन तय हुआ।
प्रेस क्लब की चुनाव प्रक्रिया के अनुसार 5 नवंबर को शाम 6 बजे तक नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय-सीमा निर्धारित की गई थी। वहीं, 11 नवंबर को मतदान के माध्यम से अध्यक्ष सहित क्लब के अन्य पदों पर चुनाव कराया जाना प्रस्तावित था। लेकिन अध्यक्ष पद पर रवि ठाकुर के अलावा किसी अन्य उम्मीदवार के सामने नहीं आने के कारण इस पद के लिए मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
रवि ठाकुर के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की खबर सामने आते ही प्रेस क्लब के सदस्यों और पत्रकारों में खुशी का माहौल देखने को मिला। पत्रकारों ने उनके निर्विरोध निर्वाचन को आपसी विश्वास, सहमति और संगठन की एकजुटता का परिचायक बताया।

पत्रकार हितों को प्राथमिकता देने की उम्मीद
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि ठाकुर से पत्रकारों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में रतनपुर प्रेस क्लब पत्रकारों की एकजुटता को और मजबूत करेगा तथा आपसी समन्वय के साथ पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएगा। पत्रकारों का कहना है कि बदलते दौर में पत्रकारिता के सामने आने वाली चुनौतियों के बीच प्रेस क्लब की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
रवि ठाकुर के नेतृत्व में प्रेस क्लब को नई ऊर्जा मिलने तथा पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल, सकारात्मक संवाद और संगठनात्मक मजबूती के साथ आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें आगामी चुनाव प्रक्रिया में क्लब के अन्य पदों के निर्वाचन पर टिकी हैं।
रतनपुर प्रेस क्लब के नए अध्यक्ष रवि ठाकुर के निर्विरोध निर्वाचन ने संगठन में नई शुरुआत और नई उम्मीदों का संदेश दिया है।





