रामेश्वर सिंह क्षत्रिय जांजगीर-चांपा
पामगढ़, जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़): भारतीय मानवाधिकार ट्रस्ट के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सरयू प्रसाद पूरे द्वारा जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) को एक गंभीर शिकायत पत्र सौंपा गया है। पत्र के माध्यम से पामगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध शराब के कारोबार और इसमें पुलिस की कथित संलिप्तता की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
ग्रामीण इलाकों और चौराहों पर बिक रही कच्ची व अंग्रेजी शराब
शिकायत में बताया गया है कि पामगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और चौराहों पर धड़ल्ले से अवैध कच्ची एवं अंग्रेजी शराब की बिक्री की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बार-बार मौखिक सूचना दिए जाने के बावजूद थाना प्रभारी द्वारा अवैध शराब विक्रेताओं पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
मानवाधिकार ट्रस्ट ने अंदेशा जताया है कि क्षेत्र में खुलेआम बिक रही अवैध शराब के कारण शांति व्यवस्था भंग हो रही है। आए दिन लड़ाई-झगड़े, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता और ग्रामीण महिलाएं अत्यंत भयभीत महसूस कर रही हैं।
की गई सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि:
पामगढ़ थाना प्रभारी की भूमिका और अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पामगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
दोषी अधिकारियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।






