सरफराज़ अंसारी की रिपोर्ट बीजापुर बुलंद टाइम्स:-
बीजापुर। अंदरूनी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र युवाओं को बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 से जोड़ने के लिए बीजापुर पुलिस ने विशेष पहल शुरू की है। पुलिस द्वारा चलित थाना के माध्यम से गांवों तक पहुंचकर युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, आवेदन और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित जानकारी दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अंदरूनी क्षेत्रों में नेटवर्क और अन्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण कई बार महत्वपूर्ण सूचनाएं युवाओं तक समय पर नहीं पहुंच पाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधिकारी और जवान सीधे युवाओं से संवाद कर उन्हें भर्ती से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि पात्र अभ्यर्थी जानकारी के अभाव में इस अवसर से वंचित न रहें।

निःशुल्क उपलब्ध हैं आवेदन फॉर्म
बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 के आवेदन फॉर्म जिले के सभी थाना एवं चौकी, अनुविभागीय कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। भरे हुए आवेदन फॉर्म जिले के सभी अनुविभागीय कार्यालयों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं।
भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी थाना, अनुविभागीय कार्यालय अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीजापुर में संपर्क कर सकते हैं। भर्ती से संबंधित जानकारी वाले फ्लैक्स भी थाना, अनुविभागीय कार्यालय एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में लगाए गए हैं।
बीजापुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य अंदरूनी क्षेत्रों के युवाओं तक भर्ती की जानकारी पहुंचाकर उन्हें प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना और पात्र युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है।





