सरफ़राज़ अंसारी की रिपोर्ट बुलंद टाइम्स बीजापुर
बीजापुर। माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के उसूर थाना क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर के पहाड़ी-जंगली इलाके में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का डंप बरामद किया गया है। मौके से 455 इलेक्ट्रिक और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर सहित बड़ी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, 204 कोबरा बटालियन की आसूचना शाखा से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर जिला बल और 204 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुजारीकांकेर गांव के दक्षिण-पूर्व दिशा में जंगल के भीतर जमीन के नीचे संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखे जाने का पता चला। सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतते हुए टीम ने डंप की तलाशी ली, जहां से विस्फोटक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।
ये सामग्री हुई बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से 455 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 500 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर जब्त किए। इसके अलावा 2 मल्टीमीटर, 2 रेडियो सेट बैटरी चार्जर कप, 2 कॉपर प्रोटोटाइपिंग बोर्ड (PCB), मल्टी USB पोर्ट कार्ड रीडर, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप एडाप्टर, 12 वोल्ट FM/AM रिट्रैक्टेबल पावर एंटीना, टेलीस्कोपिक एंटीना, डेटा केबल, करीब 8 मीटर इलेक्ट्रिक वायर, रिले कंट्रोल सर्किट बोर्ड, स्नैप हुक और नक्सल साहित्य भी बरामद किया गया।
बरामद विस्फोटक एवं अन्य सामग्री को थाना उसूर पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





