जशपुर। बागबहार थाना क्षेत्र के ग्राम डूमरबहार में घर का ताला तोड़कर सोने के जेवर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के एक जोड़ी कर्णफूल बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को ग्राम डूमरबहार निवासी ललित यादव (20 वर्ष) ने थाना बागबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 3 नवंबर की रात करीब 9 बजे उसके माता-पिता खाना खाने के बाद दुकान में सोने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे जब वह घर पहुंचा तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला मिला। घर के अंदर अलमारी खुली थी तथा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
परिजनों ने घर की जांच की तो अलमारी में रखा सोने का एक जोड़ी कर्णफूल गायब मिला। प्रार्थी ने घर के आसपास शंकर भगत को घूमते हुए देखने की बात पुलिस को बताई और उस पर चोरी का संदेह जताया।
रिपोर्ट पर थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 109/26, बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम डूमरबहार में पतासाजी करते हुए शंकर भगत (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसने और अलमारी में रखे सोने के कर्णफूल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 70 हजार रुपये कीमत के सोने के कर्णफूल बरामद कर विधिवत जब्त कर लिए।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी शंकर भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार उप निरीक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र सनमानी, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक सुरेश कुमार नाग एवं सैनिक राकेश भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





