रोहित गुमास की रिपोर्ट-
बीजापुर। जिले की प्रतिभावान बेटियों रोशनी कुडियम एवं मधु कुडियम ने राज्य स्तरीय शालेय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के साथ दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर दोनों खिलाड़ियों ने यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे बीजापुर जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों से भेंट की तथा उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
दोनों खिलाड़ियों की यह सफलता जिले की अन्य बालिकाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। यह साबित करती है कि प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
बेटियां बढ़ रही हैं, बीजापुर का मान बढ़ रहा है।





