रामेश्वर सिंह क्षत्रिय सुकली जांजगीर
जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सुकली (केरा-शिवरीनारायण रोड) में 12 नवंबर 2026 से अखंड नवधा रामायण का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें ग्राम के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके बाद पूजा-पाठ, विधि-विधान और आरती-वंदना के साथ नवधा रामायण का शुभारंभ किया गया।
नवधा रामायण के मंच पर ग्राम के रामायण प्रेमियों ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर प्रमुख रूप से शैल कुमार मिश्रा, वेद सिंह, गंगाराम राठौर, विनय सिंह, परशुराम राठौर, जयपाल सिंह, जगन्नाथ तिवारी, नानहु राम श्रीवास और झाड़ू राम श्रीवास सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
पुरोहित अरविंद शर्मा ने नवधा भक्ति का परिचय कराते हुए मंत्रोच्चार के साथ रामायण आरती कराई और यजमानों के माध्यम से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कराया। आयोजन के पहले दिन से ही भंडारे की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
नवधा रामायण के आयोजन की जिम्मेदारी ग्राम की विभिन्न समितियों ने संभाली है। भागीरथी राठौर, अश्वनी सिंह, कपिल राठौर, सुरेश सिंह और हरिशंकर राठौर सहित राठौर, सिंह, श्रीवास और पंडित परिवारों के साथ समस्त ग्रामवासी आयोजन की व्यवस्थाओं में अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। प्रसाद एवं भंडारे की जिम्मेदारी यादव परिवारों को सौंपी गई है।
आयोजन समिति ने आसपास के सभी ग्रामों के श्रद्धालुओं को भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। नवधा रामायण के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों के लिए पुरस्कार भी रखे गए हैं, जिन्हें अंतिम दिवस पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को समिति द्वारा प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
ग्राम सुकली में नवधा रामायण का आयोजन पिछले कई वर्षों से होता आ रहा है। बीच में कुछ समय तक आयोजन में रुकावट रही, लेकिन अब लगातार तीसरे वर्ष नवधा रामायण का आयोजन किया जा रहा है।
ग्राम सुकली विभिन्न उपलब्धियों और विशेषताओं के लिए जांजगीर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। गांव का नाम स्वर्गीय राम सरकार सुकली, स्वर्गीय राजा सिंह सुकली, शालिक राम कुआं सुकली और दरोगा मार सुकली जैसी स्थानीय पहचान से भी जुड़ा रहा है। इसके अलावा गांव का बजरंगबली मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है।
छोटे उद्योगों के क्षेत्र में भी ग्राम सुकली की खास पहचान है। गांव में जिले के अन्य क्षेत्रों की तुलना में बड़ी संख्या में आरा मशीनें स्थापित हैं, जिनसे कई मेहनतकश और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार मिल रहा है। सूर्यवंशी समाज के लिए भी ग्राम सुकली को प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में जाना जाता है। गांव में कई छोटे-बड़े व्यवसाय और उद्योग संचालित हैं, जहां लोग नौकरी के बजाय अपने व्यवसाय को प्राथमिकता दे रहे हैं।
ग्राम सुकली अब चंदन की नर्सरी को लेकर भी नई पहचान बना रहा है। यहां चंदन के पौधों की नर्सरी संचालित की जा रही है, जहां तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश से पौधे मंगाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में सप्लाई किए जाते हैं। इसका संचालन युवा पीढ़ी के मनीष सिंह ठाकुर द्वारा किया जा रहा है। इसके साथ ही गांव में कई अन्य छोटे-बड़े व्यवसाय और उपलब्धियां भी हैं, जो सुकली को क्षेत्र में अलग पहचान दिला रही हैं।







