योगेश्वर साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद / छुरा
आज 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला फुलझर और मुरमुरा शाला में बाल दिवस बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
कौन थे चाचा नेहरू ?
पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का जन्म 14 नवंबर 1889 को प्रयागराज में हुआ था। वे भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे और देश की आजादी के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। महात्मा गांधी जी के साथ मिलकर उन्होंने आजादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कई बार जेल भी गए।
नेहरू जी को बच्चों से बेहद प्यार था। वे जहां भी जाते, बच्चे उन्हें घेर लेते और वे बच्चों के साथ खेलते, हंसते और बातें करते। इसी प्रेम के कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनके कोट में हमेशा लाल गुलाब लगा रहता था, जो आज भी उनकी पहचान बना हुआ है।
नेहरू जी का मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। अगर बच्चों को अच्छी शिक्षा, अच्छा संस्कार और अच्छा वातावरण मिलेगा, तो देश अपने आप मजबूत बनेगा। इसलिए उन्होंने बच्चों की शिक्षा, विज्ञान, स्कूल और कॉलेजों के विकास पर सबसे ज्यादा जोर दिया।
उनके इसी प्रेम और योगदान को याद करते हुए हर साल 14 नवंबर को उनकी जयंती पर पूरे देश में बाल दिवस मनाया जाता है।
दोनों शालाओं में होंगे कार्यक्रम
इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला फुलझर और मुरमुरा शाला में बच्चों के लिए कार्यक्रम, आयोजन किया जाएगा। शिक्षकों द्वारा बच्चों को चाचा नेहरू जी के जीवन, उनके विचारों और बच्चों के प्रति उनके प्रेम के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
कार्यक्रम में शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, पालकगण और गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। बच्चों को मिठाई वितरण कर बाल दिवस की शुभकामनाएं दी जाएंगी।
पूरे क्षेत्र में बाल दिवस को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।







