अख्तर मेमन गरियाबंद
गरियाबंद_ छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे नुआपाड़ा जिले के जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा के नुआपाड़ा पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, बोडेन थाना क्षेत्र के पाटधरा-गरजनपानी इलाके में चलाए गए सर्चिंग एवं डिमाइनिंग ऑपरेशन के दौरान DVF (डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स) के जवानों ने 7 प्रेशर कुकर IED और बिजली के तारों के 4 बंडल बरामद किए हैं।
खुफिया सूचना पर चलाया गया सर्चिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक नुआपाड़ा के निर्देश पर 14 नवंबर 2026 को DVF नुआपाड़ा की टीम ने बोडेन थाना क्षेत्र के पाटधरा-गरजनपानी जंगल में नक्सलियों के संदिग्ध डंप की सूचना के आधार पर एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जवानों ने जंगल के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें संदिग्ध माओवादी सामग्री बरामद हुई।
7 प्रेशर कुकर IED और 4 बंडल बिजली के तार जब्त
सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को मौके से 7 नग प्रेशर कुकर IED और बिजली के तारों के 4 बंडल मिले। पुलिस के अनुसार, बरामद विस्फोटक उपकरण और अन्य सामग्री पूर्व में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप का हिस्सा होने की आशंका है।
पुलिस का कहना है कि समय रहते इन संदिग्ध विस्फोटक उपकरणों की बरामदगी से क्षेत्र की सार्वजनिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर मंडरा रहा संभावित खतरा टल गया है।

DGN डिवीजन में माओवादी गतिविधियों को लगा बड़ा झटका
नुआपाड़ा पुलिस ने प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया है कि DGN डिवीजन (धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा) के सभी माओवादी कैडर पूर्व में चलाए गए अभियानों के दौरान या तो आत्मसमर्पण कर चुके हैं या निष्क्रिय किए जा चुके हैं। इसे क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
बरामद सामग्री को सुरक्षा के दृष्टिकोण से सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस द्वारा नियमानुसार आगे की कानूनी एवं जांच संबंधी कार्रवाई शुरू की जा रही है। नुआपाड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।







