गणेश ब्यूरो चीफ
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने ग्राम सरडीह के जंगल में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 11 भैंसों को मुक्त कराया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को ग्राम बलादरपाठ निवासी एक ग्रामीण ने चौकी सोनक्यारी में सूचना दी कि ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते कुछ लोग बड़ी संख्या में भैंसों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सोनक्यारी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।
इस दौरान पुलिस ने देखा कि तीन व्यक्ति 11 भैंसों को जंगल के रास्ते हांककर ले जा रहे थे। पुलिस को देखकर तीनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवनारायण यादव (55 वर्ष) और कपिलदेव यादव (23 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बरपाठ, चौकी सोनक्यारी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये भैंसें थाना आस्ता क्षेत्र के एक व्यक्ति की हैं। उसके द्वारा रुपये देने का लालच दिए जाने पर वे भैंसों को ग्राम सरडीह के जंगल के रास्ते ग्राम खमली, थाना आस्ता तक पहुंचाने जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों से भैंसों को ले जाने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी 11 भैंसों को बरामद कर सुरक्षित मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में शामिल फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहनलाल मरकाम, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा तथा आरक्षक आनंद मिंज और शिव ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के विरुद्ध ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







