विमला तिवारी, बालोद जिला संवाददाता
बालोद। जिले के माहुद प्राथमिक कृषि सहकारी समिति में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है। खरीदी शुरू होते ही उपार्जन केंद्र में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई। सुबह से ही किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर केंद्र पहुंचे और अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
किसानों ने तुंहर टोकन ऐप के माध्यम से टोकन लेकर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से धान की तौल कराई और समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेची। समिति प्रबंधन की ओर से किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त बारदाने उपलब्ध कराए गए हैं। समिति के कर्मचारियों ने किसानों के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी कराई।
इस बार किसानों को मिलेंगे ये लाभ
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। एक किसान से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक धान खरीदा जाएगा। वहीं, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता मिलेगी।
31 जनवरी तक चलेगी धान खरीदी
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 से शुरू होकर 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। माहुद समिति में बेहतर व्यवस्था और समय पर टोकन मिलने से किसान संतुष्ट नजर आए। किसानों का कहना है कि सही तौल और धान का उचित मूल्य मिलने से उन्हें अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिल रहा है।
शिकायत के लिए जारी किया गया हेल्पलाइन नंबर
धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर किसान जिला कॉल सेंटर के नंबर 07749-223956 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से किसानों से धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।







