विमला तिवारी की रिपोर्ट :-
नगर पंचायत गुण्डरदेही के सभी 15 वार्डों में तहसीलदार एवं पटवारियों द्वारा पट्टा सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सर्वेक्षण के दौरान कुल 1051 लोगों का सर्वे किया गया, जिसमें 155 आवेदन पत्र एवं 996 व्यक्तियों को अपात्र पाया गया है। पात्र एवं अपात्र हितग्राहियों की सूची नगर पंचायत कार्यालय में चस्पा कर दी गई है।
नगर पंचायत द्वारा अपात्र घोषित किए गए हितग्राहियों को सूची जारी होने के बाद तीन दिनों के भीतर अपना दावा-आपत्ति एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है। प्राप्त दावा-आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निराकरण करने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी। इसके पश्चात पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण किया जाएगा।
पट्टा पात्रता के लिए प्रमुख रूप से यह शर्त रखी गई है कि संबंधित व्यक्ति वर्ष 2017 से शासकीय भूमि पर निवासरत हो तथा उसका कब्जा 800 वर्गफीट से अधिक नहीं होना चाहिए। वहीं 800 वर्गफीट से अधिक भूमि पर कब्जा पाए जाने वाले व्यक्तियों को अपात्र की श्रेणी में रखा गया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन ने सभी पार्षदों, एल्डरमैन एवं संबंधित हितग्राहियों से अपील की है कि नगर पंचायत कार्यालय में चस्पा की गई सूची में अपना नाम अवश्य देखें। जिन हितग्राहियों को अपात्र घोषित किया गया है, वे निर्धारित तीन दिनों के भीतर अपना दावा-आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि उनके प्रकरणों पर नियमानुसार विचार कर उचित निर्णय लिया जा सके।







