योगेश्वर साहू की खास रिपोर्ट
छुरा / गरियाबंद
गरियाबंद जिले में विकास की एक अजीब तस्वीर सामने आई है। पुल बन गया है, लेकिन पुल से किसी गांव को जोड़ा ही नहीं गया। पुल के दूसरे छोर पर आज भी रास्ता नहीं है। इसलिए करोड़ों की लागत से बना यह पुल आज सिर्फ खड़ा है, काम नहीं आ रहा।
यह मामला है ग्राम लोहरसींग (पाण्डुका) में सरगी नाला पर बने नये पुल का। इसी पुल से महज 2 किमी सम्पर्क सड़क बनाने की मांग को लेकर अब ग्राम पंचायत मुरमुरा और समस्त ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है।
वर्षों से मांग, फिर भी नहीं मिला रास्ता
पत्र में लिखा गया है कि विगत अनेक वर्षों से पुल और सम्पर्क सड़क बनाये जाने की मांग निरंतर शासन-प्रशासन से की जाती रही है। कुछ वर्ष पूर्व यहां पर पुल तो बना दिया गया, लेकिन पुल के दूसरे छोर से किसी भी गांव को जोड़ा ही नहीं गया।
इसलिए वर्तमान में इस पुल की उपयोगिता सिद्ध नहीं हो पा रही है। पुल है, लेकिन उस पर चढ़कर जाएं कहां, यह किसी को नहीं पता। ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि अब आवागमन आसान हो जाएगा, लेकिन रास्ता न होने से वह उम्मीद आज भी अधूरी है।
2 किमी सड़क बन जाए तो बदल जाएगी तस्वीर
ग्राम पंचायत मुरमुरा का कहना है कि यदि इस नये पुल से महज 2 किमी सम्पर्क मार्ग बना दिया जाए तो प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जतमई और घटारानी के साथ-साथ झरझरा माता के दर्शन लाभ के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को हर मौसम में माता के दरबार पहुंचने में सुविधा हो जाएगी।
साथ ही नदी पार के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों और नदी पार कर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों के अलावा आमजन के रोजमर्रा के जीवन में आसानी होगी। बारिश के दिनों में तो नदी पार करना सबसे बड़ी मुसीबत बन जाता है। कई बार विद्यार्थी स्कूल नहीं जा पाते, मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाते।

मुख्यमंत्री से तत्काल स्वीकृति की मांग
इसीलिए ग्राम पंचायत मुरमुरा ने मुख्यमंत्री से करबद्ध प्रार्थना की है कि छोटा ही सही, लेकिन अति उपयोगी इस मार्ग (लोहरसींग-मुरमुरा-झरझरा पहुंच मार्ग) के निर्माण की तत्काल स्वीकृति प्रदान की जाए।
पत्र में लिखा है कि इस बाबत् ग्राम पंचायत मुरमुरा और समस्त ग्रामवासी मुरमुरा सदैव आपके आभारी रहेंगे। पत्र के साथ ग्राम पंचायत मुरमुरा द्वारा पारित पंचायत प्रस्ताव की छायाप्रति भी संलग्न की गई है।
यह पत्र दिनांक 31.01.2026 को स्थान मुरमुरा (छुरा) से लिखा गया है। इसमें निवेदक के रूप में नारायण लाल साहू, घनश्याम, मुकेश कुमार, रोहित कुमार साहू, किशन लाल साहू सहित ग्राम पंचायत मुरमुरा और समस्त ग्रामवासी मुरमुरा के हस्ताक्षर हैं।
अब नजर मुख्यमंत्री के फैसले पर
अब सवाल यही है कि क्या मुख्यमंत्री की ओर से इस 2 किमी सड़क को स्वीकृति मिलेगी ? क्या झरझरा माता के श्रद्धालुओं और नदी पार के दर्जनों गांवों को इस पुल का असली लाभ मिल पाएगा ?
ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी यह छोटी सी मांग जल्द पूरी होगी और पुल सिर्फ दिखावे का नहीं, बल्कि काम का पुल बन सकेगा।







