अभिषेक नायक की रिपोर्ट:-
जबलपुर| जबलपुर मध्यप्रदेश जबलपुर में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक दुकानदार, रोहित कुमार, ने अपनी दुकान बंद करने की कोशिश की, लेकिन शटर जाम हो गया। जब उसने शटर का बॉक्स खोला, तो देखा कि उसमें सात फीट लंबा अजगर लिपटा हुआ है। यह देखकर रोहित डर गया और तुरंत ही दुकान से दूर होकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। स्थानीय निवासी संजय जैन ने सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को बुलाया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
गजेन्द्र दुबे ने बताया कि यह रॉक पायथन है, जो जहरीला नहीं होता, लेकिन बेहद ताकतवर होता है। बारिश के समय सांप और अजगर सूखे स्थान की तलाश में अक्सर मकान या दुकान में आ जाते हैं। अजगर को पकड़कर उसे बरगी के जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे दुकानदार ने राहत की सांस ली।






