अभिषेक नायक की रिपोर्ट:-
जबलपुर | जबलपुर मध्यप्रदेश जबलपुर जिले के शालीबाड़ा गांव में सड़क न होने के कारण एक 36 वर्षीय ग्रामीण, मचल सिंह ठाकुर, की करंट लगने से मौत हो गई। मचल सिंह घर की लाइट ठीक कर रहे थे जब उन्हें करंट लगा। उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए गांव के लोगों ने उन्हें हाथों पर उठाकर और फिर खटिया में लेटा कर एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण उन्हें एक पिकअप वाहन में अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई।
गांव में सड़क न होने के कारण पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से यहां सड़क नहीं बनी है, और प्रशासन से कई बार अपील करने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हुआ। स्थानीय प्रशासन ने अब एसडीएम और तहसीलदार को मौके पर जाकर सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मचल सिंह की पत्नी भी करंट से गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।



