अभिषेक नायक की रिपोर्ट:-
रायसेन मध्यप्रदेश बड़े भाई का रिश्ता ही कुछ ऐसा होता है। छोटा भाई मुसीबत में हो तो बड़ा भाई अपनी जान की बाजी लगाने में भी पीछे नहीं हटता। भाइयों के ऐसे प्रेम की मिसाल मध्यप्रदेश में तब सामने आई जब एक किशोर तालाब में गिर गया। उसे डूबने से बचाने के लिए बड़े भाई ने भी तुरंत तालाब में छलांग लगा दी लेकिन आखिरकार दोनों ही डूब गए। दोनों सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।
एमपी के रायसेन जिले में यह हादसा हुआ। यहां भोजपुर के पास गौहरगंज में दो भाई तालाब में डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई है। छोटे भाई का अचानक पैर फिसल गया जिससे वह तालाब में गिर गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बड़ा भाई भी तालाब में कूदा। दोनों को तैरना नहीं आता था ऐसे में गहरे पानी में जाने से दोनों भाइयों की मौत हो गई।
थाना प्रभारी एलडी मिश्रा के अनुसार गौहरगंज के लोढ़िया तालाब में बुधवार को दोपहर में यह दुर्घटना हुई। 18 साल का रोहित गिरी फिसलकर तालाब में गिर गया तो 22 साल का भाई सोनू गिरी उसे बचाने के लिए तालाब में चला गया। तैरना नहीं आने से दोनों डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों भाइयों के शवों को तालाब से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।



