हेमू साय की रिपोर्ट:-
जगदलपुर। महापौर संजय पाण्डेय ने शुक्रवार को सामान्य सभा की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट प्रस्तुत किया। सभा की शुरुआत “राम राम, जय श्री राम” के उद्घोष से की गई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सोशल मीडिया के माध्यम से 4700 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए जिनमें स्वच्छता, पेयजल, सड़क, तालाब, हरियाली और संस्कृति प्रमुख रही।
बजट का कुल अनुमान
नगर निगम द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए रु. 2 अरब 39 करोड़ 22 लाख 99 हजार की आय तथा रु. 2 अरब 39 करोड़ 39 लाख 83 हजार का व्यय अनुमानित है। रु. 16 लाख 84 हजार के घाटे के साथ बजट प्रस्तुत किया गया है।
प्रमुख फोकस: जल व्यवस्था
“जल ही जीवन है” संकल्प को ध्यान में रखते हुए रु. 30 करोड़ जलप्रदाय व्यवस्था हेतु प्रस्तावित हैं। अमृत मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन नवीनीकरण और जल संरक्षण प्राथमिकता है।
बजट की मुख्य प्राथमिकताएं
स्वच्छता हेतु रु. 10 करोड़
स्ट्रीट लाइटिंग हेतु रु. 5 करोड़
सीसी रोड, नाली, पुलिया आदि के लिए रु. 50 करोड़
बस स्टैंड आधुनिकीकरण के लिए रु. 5 करोड़
जगदलपुर बैराज योजना हेतु रु. 80 करोड़
तालाबों के जिर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण के लिए रु. 20 करोड़
शहर की जीवन गुणवत्ता सुधार योजनाएं
पार्कों, बाजारों, मुक्तिधाम, मल्टीलेवल पार्किंग और सड़क निर्माण हेतु:
पार्क सौंदर्यीकरण के लिए रु. 5 करोड़
बाजार व्यवस्थित करने हेतु रु. 5 करोड़
मुक्तिधाम सुधार के लिए रु. 3 करोड़
मल्टीलेवल पार्किंग हेतु रु. 5 करोड़
MR रोड निर्माण हेतु रु. 50 करोड़
अन्य प्रमुख घोषणाएं
डंपिंग यार्ड सौंदर्यीकरण, ट्रैफिक सिग्नल शेड, महिला एवं युवाओं के लिए योजनाएं, प्रेस क्लब निर्माण, ई-गवर्नेंस आदि के लिए भी प्रावधान किया गया है।
जनभागीदारी का सम्मान
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, सांसद महेश कश्यप सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त किया।



