नारायणपुर |जिला अस्पताल नारायणपुर के डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) नारायणपुर एवं जिला प्रबन्धक , जिला नारायणपुर को एक ज्ञापन सौंपकर पिछले 6 माह से लंबित CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) के शीघ्र भुगतान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि नारायणपुर जिला वामपंथी उग्रवाद (LWE) श्रेणी में आता है, जहाँ सीमित संसाधनों और सुरक्षा चुनौतियों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं देना अत्यंत कठिन कार्य है। इसके बावजूद, जिले के समस्त स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निरंतर कार्यरत हैं और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार उपलब्धियाँ प्राप्त कर रहे हैं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि लंबे समय से प्रोत्साहन राशि ना मिलने के कारण कर्मियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने CMHO से मांग की कि इस विषय में शीघ्र कार्रवाई करते हुए लंबित राशि का भुगतान कराया जाए, जिससे स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बना रहे और वे भविष्य में भी सेवा भाव से कार्य करते रहें।
ज्ञापन सौंपने वालों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी कर्मचारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।




