अमित दुबे की रिपोर्ट :-
बिलासपुर रतनपुर। ग्राम भरारी में रहने वाला 13 वर्षीय छात्र चिन्मय सूर्यवंशी बीते 31 जुलाई की शाम से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। परिवार और पुलिस की लगातार खोजबीन के बावजूद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
मिली जानकारी के अनुसार, भरारी निवासी संजय सूर्यवंशी का पुत्र चिन्मय, डेरा बस्सी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा आठवीं का छात्र है। 31 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
परिवार ने पहले आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर 1 अगस्त की सुबह रतनपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
गुमशुदा होने के समय चिन्मय के पास उसके पिता का मोबाइल फोन था। परिजनों के मुताबिक, रात में मोबाइल ऑन था, लेकिन सुबह तक स्विच ऑफ हो गया। इससे घर वालों की चिंता और बढ़ गई है।
परिजनों को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर चिन्मय को अपने साथ ले गया हो। इसी आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि गुमशुदा छात्र के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है, साथ ही क्षेत्र में सघन खोजबीन जारी है।
फिलहाल परिवारजन चिन्मय की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं और उसकी सलामती को लेकर चिंतित हैं|



